सलूंबर में आयुर्वेद दिवस-2026 की थीम ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पिलादर में दो दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर में ग्रामीणों को आयुर्वेदिक जीवनशैली, स्वस्थ दिनचर्या और मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियंका जैन ने बताया कि शिविर में कुल 60 मरीजों की जांच की गई। बीमारी के अनुसार उन्हें निःशुल्क उपचार और जरूरी परामर्श दिया गया। उन्होंने बताया कि पिलादर ग्राम पंचायत को आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के तहत चुना गया है। योजना के तहत ग्रामीणों को निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वस्थ और निरोगी जीवनशैली के लिए प्रेरित किया जा रहा है। ब्लड शुगर से लेकर डेंगू-मलेरिया तक की जांच शिविर के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं। इनमें 50 लोगों की ब्लड शुगर, 8 महिलाओं की गर्भावस्था, 5 लोगों की एचआईवी, 5 लोगों की मलेरिया, 5 लोगों की डेंगू और 35 लोगों की हीमोग्लोबिन जांच शामिल रही। ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव, साफ-सफाई, संतुलित भोजन, नशे से दूर रहने और नियमित दिनचर्या के बारे में जानकारी दी गई। लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और रोजमर्रा की जिंदगी में स्वस्थ आदतें अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। योग को स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश योग प्रशिक्षक दिनेश रेबारी ने अलग-अलग बीमारियों और स्वास्थ्य जरूरतों के अनुसार योगाभ्यास की जानकारी दी। उन्होंने नियमित योग को स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। शिविर में कंपाउंडर रघुनाथराम और परिचारक भावेश कुमार चौबीसा ने भी सेवाएं दीं। पिलादर के ग्रामीणों ने आयुर्वेद विभाग की ओर से लगाए गए स्वास्थ्य शिविर को जनकल्याणकारी बताया। ग्रामीणों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, उपचार और परामर्श उपलब्ध कराने के लिए विभाग का आभार जताया।