पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के कांटल गांव में पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग का मामला सामने आया है। बोरली वाला वीर बावसी मंदिर के पास हुई इस घटना में ठंडी बेरी निवासी भगाराम गरासिया के सिर में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद कालूराम भी गोली लगने से गंभीर घायल हो गए। घायल को सिरोही ट्रॉमा सेंटर से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उदयपुर रेफर किया गया है। मंदिर के पास हुई वारदात जानकारी के मुताबिक, भगाराम गरासिया और कालूराम बोरली वाला वीर बावसी मंदिर के पास मौजूद थे। इसी दौरान फायरिंग की घटना हुई। भगाराम के सिर में गोली लगी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गोली लगने से कालूराम भी घायल होकर वहीं गिर पड़े। सिरोही से उदयपुर किया रेफर घटना के बाद एंबुलेंस की मदद से घायल कालूराम को सिरोही जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया। एसपी ने किया मौका मुआयना फायरिंग की सूचना मिलते ही पिंडवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मृतक और घायल के परिजनों को भी घटना की सूचना दी। सूचना के बाद सिरोही एसपी डॉ. पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ पिंडवाड़ा पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य एसपी डॉ. राठौड़ ने मामले में फॉरेंसिक जांच के निर्देश दिए। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, ताकि घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस बात को लेकर हुआ और फायरिंग की वजह क्या रही। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना एसपी के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। टीमें आरोपियों की तलाश में रवाना कर दी गई हैं। पुलिस घटना के कारणों और फायरिंग में शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।