मोही| पीपली आचार्यान में ग्राम पंचायत के पंचकर्म परिसर में जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में 1000 पौधे लगाने का संकल्प लिया गया। कलेक्टर अरुणकुमार हसीजा और एसपी हेमंत कलाल ने पांच पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत की। कलेक्टर ने प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से संवाद करते हुए अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण अभियान से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे जीवन का आधार हैं और इनके बिना मानव जीवन खतरे में पड़ सकता है। एसपी कलाल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण को जिम्मेदारी बताते हुए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की। इस दौरान प्रशासक सुंदरदेवी कीर, पूर्व सरपंच सौसर कुमावत, मनोहरलाल कीर सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।