पोकरण के भणियाणा थाना में शुक्रवार को जैमला गांव निवासी बीएसएफ जवान खेताराम ने मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया है। खेताराम ने बताया कि कुछ लोगों ने उनके परिवार के साथ रास्ते में मारपीट की और जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। खेताराम अभी छुट्टी पर घर आए हुए हैं। वे अपने परिवार के साथ पास के गांव में एक धार्मिक कार्यक्रम में जा रहे थे। इसी दौरान विक्रम सिंह, पूनमसिंह और देवी सिंह सहित अन्य लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इन लोगों की खेताराम के बेटे शांतिलाल से पहले मामूली कहासुनी हुई थी, जिसकी रंजिश वे पाले हुए थे। हमलावरों ने खेताराम के बेटे शांतिलाल को बुरी तरह घायल कर दिया। शांतिलाल को पहले भणियाणा अस्पताल ले जाया गया, फिर पोकरण अस्पताल से जोधपुर रेफर किया गया है। आरोपियों ने परिवार के दो मोबाइल, कुछ रुपए और एक सोने की चेन भी छीन ली। आरोपियों ने पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। यह घटना 16 सितंबर की है। पुलिस ने शुक्रवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पोकरण डिप्टी कैलाश कंवर कर रही हैं।