प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। इस दौरान एक ही दिन में 104 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के लिए 203 पुलिसकर्मियों की 46 टीमें बनाई गई थीं। इन टीमों ने जिलेभर में 280 संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। एसपी विशाल जांगिड़ ने बताया कि अभियान के दौरान 47 स्थायी और गिरफ्तारी वारंटों पर कार्रवाई करते हुए वारंटियों को पकड़ा गया। विभिन्न मामलों में 23 वांछित आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, अन्य 6 मामलों में भी वांछित आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा। धरियावद और कोटड़ी थाना क्षेत्र से एनडीपीएस एक्ट के दो वांछित आरोपी भी पकड़े गए। आबकारी अधिनियम के तहत पुलिस ने 11 मामले दर्ज किए और 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रतापगढ़ थाना पुलिस ने हत्या के मामले में दो आरोपियों को पकड़ा। अभियान के दौरान पुलिस ने 111 हिस्ट्रीशीटर और 15 हार्डकोर अपराधियों को भी चेक किया।