प्रतापगढ़ जिले में खनन माफिया ने वन विभाग के रेंजर प्रताप सिंह चुण्डावत की हत्या कर दी है। इस घटना से वनकर्मियों में गुस्सा है। बुधवार को बारां में शहीद रेंजर की श्रद्धांजलि सभा हुई। इसके बाद राजस्थान के संयुक्त वन कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री के नाम 11 सूत्रीय मांग पत्र डीएफओ और उपखंड अधिकारी को सौंपा। कर्मचारियों का कहना है कि वे मुश्किल हालात में काम करते हैं, पर सुरक्षा नहीं मिलती। मुख्य मांगों में रेंजर चुण्डावत को शहीद का दर्जा, परिवार को आर्थिक मदद, विशेष पेंशन और अनुकंपा नियुक्ति शामिल है। वन सुरक्षा के लिए एसओपी जारी करने, कैडर स्ट्रेंथ का पुनर्गठन, फील्ड स्टाफ को जोखिम भत्ता और वेतन विसंगति दूर करने की भी मांग है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि मांगें न मानी गईं तो आंदोलन होगा।