प्रतापगढ़ के सालमगढ़ में 15 सितंबर को दो मासूम बहनों की अचानक मौत हो गई। 3 और 5 साल की दोनों बहनों की कुछ समय के अंतराल में तबीयत बिगड़ी और फिर दोनों ने घर पर ही दम तोड़ दिया। घटना हमीरपुरा पठार गांव की है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। तबीयत बिगड़ने के बाद दोनों ने घर पर दम तोड़ा थाना अधिकारी दीपक कुमार मेघवाल ने बताया-हमीरपुरा पठार गांव निवासी कैलाश की करीब 3 साल की बेटी केशर की 15 सितंबर की दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान उसकी घर पर ही मौत हो गई। केशर की मौत के बाद घर पर परिजन और ग्रामीण जमा हो गए। इसी दौरान पास के पलंग पर सो रही 5 साल की बड़ी बहन शिवानी की भी अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे संभाल पाते, इससे पहले ही उसकी भी मौत हो गई। शाम होने के कारण दोनों का उनका अंतिम संस्कार नहीं हो पाया। 16 सितंबर को परिजन सालमगढ़ थाने पहुंचे और राखी के त्योहार पर हुए विवाद के बारे में पुलिस को जानकारी दी। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों बच्चियों का अंतिम संस्कार जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली। दोनों बच्चियों का पोस्टमॉर्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। उसी दिन दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। थाना अधिकारी ने बताया- बच्चियों के पिता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में दोनों के बीमार होने की बात कही है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बच्चियों की मौत का असली कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा। परिवार खेती-किसानी करता है।