शहर के वार्ड 51 स्थित रतन विहार कॉलोनी में पुरानी पेयजल पाइप लाइन में लीकेज के चलते पिछले कई दिनों से सैकड़ों लीटर पानी व्यर्थ बहता रहता है। लगातार पानी बहने से सड़क पर जलभराव हो गया है व कीचड़ जमा होने से रास्ता दलदल में तब्दील हो गया है। इससे कॉलोनीवासियों व राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रहवासीय लोगा ने बताया कि पाइपलाइन पुरानी व जर्जर होने के कारण लीकेज हुआ है। पाइपलाइन से लगातार पानी निकलकर सड़क पर फैल रहा है। हालात यह हैं कि सड़क पर जमा कीचड़ के कारण बाइक व छोटे वाहन फंस रहे हैं। कई बार वाहन चालकों को लोगों की मदद से धक्का देकर वाहन बाहर निकालने पड़ते हैं। पैदल राहगीरों को भी सड़क पार करने में परेशानी हो रही है। पाइपलाइन लीकेज की समस्या को लेकर नगर परिषद व जलदाय विभाग को कई बार सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। एक ओर प्रशासन की ओर से जल संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पाइपलाइन लीकेज से रोजाना सैकड़ों लीटर पेयजल सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। जलभराव के कारण आसपास गंदगी व कीचड़ जमा हो गया है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ ही बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है। लोगों ने बताया कि लंबे समय तक पानी जमा रहने से सड़क भी खराब हो रही है। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से जल्द मौके पर टीम भेजकर लीकेज दुरुस्त कराने व क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को बदलने की मांग की, ताकि पानी की बर्बादी रुकने के साथ लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।