राजसमंद| अंजुमन कमेटी के तत्वावधान में बुधवार को जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी पर मुस्लिम समाज ने अकीदत के साथ जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाला। इससे पहले मंगलवार रात हुसैनी चौक पर कार्यक्रम हुआ। मौलाना इमरान आफाकी ने कुरआन मजीद की तिलावत की। बेंगलूरू से आए नातख्वां मोइन कादरी ने नात शरीफ पेश की। नासिर रजा ने पैगंबर मोहम्मद मुस्तफा के जीवन पर तकरीर की। बुधवार दोपहर 1.30 बजे हुसैनी चौक से जुलूस रवाना हुआ। आगे घोड़े पर तिरंगा लेकर युवक चले। जुलूस सिलावट वाड़ी, दानी चबूतरा, सदर बाजार, फव्वारा चौक, नेशनल हाईवे, नायक वाड़ी और पठान वाड़ी होते हुए वापस हुसैनी चौक पहुंचा। रास्ते में शरबत-खीर बांटी गई और जगह-जगह स्वागत हुआ। अंत में अमन-सुकून व भाईचारे की दुआ की गई।