यमुना जल समझौते के तहत प्रस्तावित हांसियावास डैम के लिए भूमि अधिग्रहण के विरोध में तांबाखेड़ी बस स्टैंड पर किसानों का धरना मंगलवार को 27वें दिन भी जारी रहा। मंगलवार को बाढ़ पूनिया विकास संस्थान राजगढ़ का शिष्टमंडल भी किसानों के बीच पहुंचा और आठ गांवों के किसानों के आंदोलन को समर्थन दिया। शिष्टमंडल सदस्य राजवीर पूनिया और सुल्तान पूनिया बैजुवा ने किसानों की मांग को जायज बताया। धरने पर मौजूद मास्टर गोरधन, सत्यवान पूनिया और ओम बलौदा ने कहा कि आंदोलन को लेकर किसानों में पूरी एकजुटता है। उपजाऊ भूमि बचाने की लड़ाई अब पीछे हटने वाली नहीं है। संघर्ष समिति अध्यक्ष महेंद्र सिंह सहारण ने बताया कि बुधवार को किसान ट्रैक्टर रैली निकाल कर सिद्धमुख तहसील कार्यालय का घेराव करेंगे। रैली में बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे और महिला शक्ति की विशेष भागीदारी रहेगी।