करौली| राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देश पर चल रहे “अजनबियों से सावधान, मना करो, दूर जाओ, बताओ” अभियान के तहत शहर के महात्मा ज्योतिबा फुले उच्च माध्यमिक स्कूल में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम हुआ। विशिष्ट न्यायाधीश एससी-एसटी. अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश करौली परवीन बानू ने बाल सुरक्षा, कानूनी अधिकार, अजनबियों से सावधानी, साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी। उन्होंने कहा, बच्चे किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं। किसी प्रलोभन में न पड़ें। बच्चों की सुरक्षा में अभिभावकों की भूमिका अहम है। हर हालत में सतर्क रहें। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में बताया। कहा, समस्या, खतरा, परेशानी आए तो तुरंत माता-पिता, अभिभावक, शिक्षक को बताएं। संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना दें। विद्यार्थियों से दोनों नंबर याद रखने की अपील की। साइबर अपराध से बचाव पर उन्होंने सोशल मीडिया, इंटरनेट का सावधानी से उपयोग करने को कहा। अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क में सतर्क रहने की बात कही। संदिग्ध लिंक, संदेश, ऑनलाइन गतिविधि दिखे तो तुरंत परिजन, शिक्षक को बताने को कहा। कार्यक्रम में एएलएडीसीएस डीएलएसए रामजीत कुशवाहा ने कहा, बच्चे डर या दबाव में परेशानी न छिपाएं। समस्या हो तो तुरंत माता-पिता, शिक्षक, हेल्पलाइन से मदद लें। स्कूल की ओर से संस्था प्रधानाचार्य धर्म सिंह, व्याख्याता सीमा कुमारी ने परवीन बानू का पुष्पगुच्छ भेंट कर, शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।