सवाई माधोपुर/गंगापुर सिटी| राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निकाय चुनाव के दौरान अध्यक्षीय पदों के लिए मंगलवार को लोक सूचना जारी होने के साथ ही नामांकन पत्र लिए जाएंगे। नामांकन पत्र को प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि बुधवार निर्धारित की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर काना राम ने बताया कि नगर परिषद सवाई माधोपुर एवं गंगापुर सिटी, नगर पालिका खण्डार, बौंली, बामनवास एवं वजीरपुर में अध्यक्ष पद के लिए संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा लोक सूचना जारी कर दी गई है। नामांकन के प्रथम दिन बौंली नगर पालिका में 1 आवेदन पत्र प्रस्तुत हुआ। बामनवास में 5 अ​भ्यर्थियों ने 9 नाम निर्देशन पत्र लिए। गंगापुर सिटी में 6 अभ्यर्थियों ने 6 नाम निर्देशन पत्र जारी किए गए। बुधवार को नामांकन पत्र का आखिरी दिन है।