जिले में इस बार मानसून की मेहरबानी पूरी तरह नहीं होने का सीधा असर मौसम में दिखने लगा है। बारिश का कोटा अधूरा रहने के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। तीखी धूप और शुष्क हवाओं के चलते शनिवार को बाड़मेर का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिले में बीते करीब एक महीने से केवल बादलों की आवाजाही ही देखने को मिल रही है, लेकिन बरसने वाले बादल नदारद है। अगस्त के पहले हफ्ते में हुई हल्की और छिटपुट बारिश के बाद से ही क्षेत्र में सूखा बना हुआ है। हवा में नमी का स्तर घटने और पश्चिमी राजस्थान में गर्म हवाओं के चलने से दिन में उमस और गर्मी बढ़ गई है। वहीं रात का पारा भी 27 डिग्री से ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। लंबे समय से बारिश न होने के कारण फसलों को नुकसान हो रहा है। दो दिन बारिश होने की संभावना , 3 से 4 डिग्री गिर सकता है तापमान मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसम तंत्र के सक्रिय होने से पश्चिमी राजस्थान के मौसम में बदलाव की संभावना बनी है। विभाग ने बाड़मेर जिले के लिए रविवार और सोमवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान जिले में गरज के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने के आसार जताए गए हैं। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इन दो दिनों में उम्मीद के मुताबिक बारिश होती है, तो तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।