झालावाड़ जिले के रायपुर क्षेत्र की कृषि उपज मंडी सोमवार को दोबारा खुल गई। 15 जून से बंद यह मंडी 3 महीने बाद खुलने से किसानों को राहत मिली है। मंडी बंद होने के कारण सोयाबीन और उड़द जैसी फसलें तैयार होने के बावजूद किसान अपनी उपज बेचने के लिए दूसरे शहरों की मंडियों में जा रहे थे या स्थानीय व्यापारियों को बेच रहे थे। भारतीय किसान संघ लंबे समय से मंडी को दोबारा शुरू करने की मांग कर रहा था। संघ ने प्रशासन का ध्यान किसानों की परेशानी की ओर दिलाया, जिसके बाद मंडी प्रशासन ने इसे दोबारा शुरू किया। पहले ही दिन किसान सोयाबीन सहित कई फसलें लेकर पहुंचे और उन्हें बेचा। भारतीय किसान संघ के जिला प्रचार प्रमुख महेश मेहर ने इस पहल के लिए धन्यवाद दिया और अधूरे टीन शेड का निर्माण जल्द पूरा करने की भी मांग की। मंडी में टीन शेड का निर्माण जल्द कराने की मांग किसानों को धूप में बैठकर अपनी उपज की बिक्री का इंतजार करना पड़ता है। भारतीय किसान संघ ने प्रशासन से मंडी परिसर में टीन शेड का निर्माण जल्द पूरा कराने के साथ किसानों के लिए छायादार प्रतीक्षालय बनाने की मांग की है। संघ का कहना है कि दूर-दराज के गांवों से अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचने वाले किसानों के लिए बैठने और छाया की पर्याप्त व्यवस्था होना जरूरी है। किसान संघ ने प्रशासन से रायपुर कृषि उपज मंडी को नियमित रूप से संचालित करने और किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि मंडी क्षेत्र के किसानों के लिए सुविधाजनक और उपयोगी केंद्र बन सके।