भास्कर न्यूज | बाड़मेर वेदांता ऑयल एंड गैस की ओर से नागाणा स्थित ओबी में आयोजित सस्टेनेबिलिटी कार्निवल में सुर संगम संस्थान बाड़मेर के कलाकारों ने सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सतत विकास व पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कलाकारों ने कठपुतली शो, मैजिक शो व लोक संगीत की प्रस्तुतियों के जरिए पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा, जैव विविधता, जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी व कचरा प्रबंधन पर लोगों को जागरूक किया। संस्थान के नरसिंह बाकोलिया ने बताया कि बुधवार को नागाणा िस्थत ओबी के आयोजन में प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों, प्रदर्शनों व जागरूकता अभियानों के माध्यम से सतत विकास के महत्व को समझा और पर्यावरण संरक्षण में योगदान का संकल्प लिया। कार्निवल में जल संरक्षण, ऊर्जा दक्षता, कचरा प्रबंधन, जैव विविधता संरक्षण और कार्बन फुटप्रिंट कम करने जैसे विषयों पर आकर्षक स्टॉल लगाए गए। प्रतिभागियों के लिए क्विज, इंटरैक्टिव गेम्स, प्रतियोगिताएं व जागरूकता सत्र भी आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से दैनिक जीवन में अपनाई जा सकने वाली टिकाऊ आदतों की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने, संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग और स्वच्छ एवं हरित भविष्य के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। कंपनी के प्रतिनिधियों ने कहा कि सतत विकास केवल एक कॉर्पोरेट जिम्मेदारी नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता है। ऐसे आयोजन कर्मचारियों और समुदाय को पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने तथा टिकाऊ विकास की दिशा में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में ये रहे मौजूद : कार्यक्रम में केयर्न के सीईओ जिम जॉनी गास्ट, चीफ एचएसई एंड सस्टेनेबिलिटी ऑफिसर विनय माथुर, एडवाइजर ईएसजी एस के सिंह, हेड ईएसजी इशिता खजांची, हेड स्टेकहोल्डर अयोध्या प्रसाद गौड़, हेड सीएसआर विशाल अग्रवाल, सीएचआरओ (नार्थ) प्रियंका कौशिक, एचआर टीम से पुलकित जैन, सीएसएआर टीम से प्रिया शर्मा, दिशिका टेकरीवाल, संस्कृति परमार सहित कंपनी के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। साथ ही अंतरराष्ट्रीय लोक कलाकार रोशन खान, भीखा खान, जादूगर संदीप गोविन्दसिंह, दलपत आचार्य, अशोक मेघवाल, सुमन चौधरी, सौरभ आचार्य सहित कई कलाकारों ने प्रस्तुति दी।