चूरू के राजलदेसर में पालिकाध्यक्ष गोपाल मारू ने नगर पालिका अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक ली। उन्होंने दीपावली से पहले राजलदेसर क्षेत्र की साफ-सफाई और रोशनी व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। मारू ने कहा कि त्योहार से पहले सफाई व्यवस्था में सुधार होना चाहिए। इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिशाषी अधिकारी सीताराम मीणा की मौजूदगी में हुई बैठक में पालिकाध्यक्ष ने शहर में सफाई अभियान चलाने और कचरा इकट्ठा करने को प्रभावी बनाने को कहा। उन्होंने त्योहार से पहले प्रमुख स्थानों पर हाईमास्ट लाइट लगाने और बंद स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने के भी निर्देश दिए। पालिकाध्यक्ष मारू ने साफ किया कि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं देना उनकी प्राथमिकता है। अधिकारियों को शिकायतों का तुरंत समाधान करने को कहा गया। बैठक में पार्षद धनपत छंगाणी पुष्करणा और पालिका कर्मी मौजूद थे।