राजस्थान की डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी फ्रस्ट्रेशन में ऐसे आरोप लगा रहे हैं और एक भी चुनाव नहीं जीतने के कारण चुनाव आयोग को गलत बता रहे हैं। दीया कुमारी ने कहा कि राहुल गांधी हार की निराशा में वोट चोरी और चुनाव आयोग पर गड़बड़ी के आरोप लगा रहे हैं। CJP और चुनाव आयुक्त को हटाने के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि हर चीज किसी के हिसाब से नहीं हो सकती। उन्होंने दावा किया कि पंचायती राज चुनाव में बीजेपी प्रचंड बहुमत से जीतेगी और सभी जगह बीजेपी के जिला प्रमुख और प्रधान बनेंगे। उन्होंने कहा कि उदयपुर और जयपुर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी और पर्यटकों की सुरक्षा बहुत जरूरी है। साथ ही सरकार प्रदेश के 10 राजकीय संग्रहालयों (म्यूजियम) का नवीनीकरण कर उन्हें आधुनिक और सुंदर बना रही है। डिप्टी सीएम दीया कुमारी सोमवार को उदयपुर में आयड़ म्यूजियम के निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में बोल रही थीं। इससे पहले उन्होंने शहर के नारी निकेतन और बाल गृहों का भी दौरा कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। राहुल गांधी पर तंज, जनता साथ होती तो वोट भी मिलते राहुल गांधी और कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों पर डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पास कोई मुद्दा नहीं है। वे बस सड़कों पर प्रदर्शन करते रहते हैं। जब चुनाव आते हैं तो उनकी पार्टी की क्या हालत होती है, यह सब जानते हैं। अगर जनता उनकी बात को गंभीरता से लेती तो उन्हें वोट भी मिलते। उन्होंने कहा कि इतने चुनाव हो गए, लेकिन वे एक भी चुनाव नहीं जीते हैं। अब हार की निराशा में स्वतंत्र संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष (LoP) को जिम्मेदार होना चाहिए, ऐसी गैर-जिम्मेदाराना बातें नहीं करनी चाहिए। सड़कों पर हंगामे से कुछ नहीं होगा, मुद्दे में दम होना चाहिए मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग और प्रदर्शनों पर डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदर्शन करना अलग बात है, लेकिन मुद्दे में दम होना चाहिए। कभी चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग करते हैं, तो कभी किसी और को। हर काम की एक प्रक्रिया होती है, सड़कों पर हंगामा करने से कुछ नहीं होता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय उन्होंने खुद इस प्रक्रिया में बदलाव (रिवीजन) की बात कही थी। अब जब हमारी सरकार ने संशोधन कर दिया, तो इसे गलत बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर चीज किसी के हिसाब से नहीं हो सकती। उदयपुर-जयपुर में पर्यटन के लिए कनेक्टिविटी और सेफ्टी पर फोकस दिवाली पर उदयपुर और जयपुर को सबसे खूबसूरत शहर बताए जाने के सवाल पर दीया कुमारी ने कहा कि सरकार पर्यटन को और बेहतर बनाने में जुटी है। इसके लिए हवाई, सड़क और रेल कनेक्टिविटी का अच्छा होना बहुत जरूरी है। साथ ही टूरिस्ट की सेफ्टी, साफ-सफाई और अच्छी व्यवस्थाओं पर सरकार पूरा काम कर रही है। 10 स्टेट म्यूजियम होंगे मॉडर्न, बाल गृहों की हो रही मरम्मत डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने बताया कि आहड़ म्यूजियम में बदलाव को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। सरकार 10 स्टेट म्यूजियम को रेनोवेट कर रही है। इन्हें मॉडर्न और सुंदर बनाया जा रहा है। वे खुद इन सभी संग्रहालयों का दौरा करेंगी। वहीं, बाल गृहों के निरीक्षण पर उन्होंने कहा कि वे अपने हर दौरे में बाल गृहों की व्यवस्थाएं देखती हैं। वहां शिशुओं से लेकर 18 साल से कम उम्र के किशोर रहते हैं। उन्होंने बच्चों से बात कर जाना कि उन्हें क्या चाहिए। इन होम्स की रिपेयरिंग के लिए बजट आ गया है और मरम्मत का काम चल रहा है। डिप्टी सीएम ने विजयराज कुमारी को दी श्रद्धांजलि डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने सिटी पैलेस पहुंचकर मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार की सदस्या विजयराज कुमारी मेवाड़ को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पूर्व राजपरिवार के सदस्य लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ से मिलकर उनकी मां के देवलोकगमन पर गहन संवेदनाएं प्रकट की।