राजस्थान कैनाल की आरडी 496 लौहगढ़ हेड पर पोंडिंग कर जैसलमेर-बाड़मेर तक पानी पहुंचाने की कवायद के विरोध में शनिवार को भाखड़ा नहर क्षेत्र के किसानों ने जिला कलक्ट्रेट के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने सादुल और करणी सिंह ब्रांच के हिस्से के 1200 क्यूसेक पानी में कटौती या किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में हुई वार्ता में सिंचाई विभाग ने 1200 क्यूसेक पानी की आपूर्ति रेग्यूलेशन के अनुसार निर्बाध जारी रखने का लिखित आश्वासन दिया। साथ ही आरडी 496 इंदिरा गांधी फीडर का पोंड लेवल 18.2 फीट रखने पर सहमति बनी। लिखित आश्वासन के बाद किसानों का आक्रोश शांत हुआ। पोंड तोड़ने की कार्रवाई की जानकारी पर शुरू हुआ विरोध इससे पहले किसानों को आरडी 496 पर पोंडिंग किए जाने की जानकारी मिलने पर विरोध शुरू हो गया था। किसान प्रतिनिधियों के अनुसार, शुक्रवार शाम सिंचाई विभाग की ओर से आरडी 496 पर पोंड तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई थी। जानकारी मिलने पर किसान प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का विरोध किया। किसानों का कहना था कि भाखड़ा क्षेत्र में सिंचाई के लिए निर्धारित 1200 क्यूसेक पानी में किसी प्रकार की छेड़छाड़ स्वीकार नहीं की जाएगी। कम समय में सूचना, फिर भी बड़ी संख्या में पहुंचे किसान किसान प्रतिनिधि प्रो. ओम जांगू ने बताया कि रात में जिला कलक्ट्रेट के समक्ष धरना-प्रदर्शन का आह्वान किया गया था। कम समय में सूचना दिए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में भाखड़ा क्षेत्र के किसान कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए नहरी पानी का मुद्दा बेहद महत्वपूर्ण है और पानी की आपूर्ति में किसी प्रकार की छेड़छाड़ होने पर किसान आंदोलन करेंगे। कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई अधिकारियों-किसानों की वार्ता शनिवार दोपहर 1 बजे जिला कलक्ट्रेट सभागार में किसान प्रतिनिधियों और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के बीच वार्ता हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने की। इसमें अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेदीलाल मीणा, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता, भाखड़ा रेग्यूलेशन के अधिशासी अभियंता सहित किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्य अभियंता, जल संसाधन विभाग से विचार-विमर्श के बाद विभाग की ओर से किसानों की मांगों पर सहमति व्यक्त की गई। यह हुआ समझौता वार्ता में सादुल ब्रांच एवं करणी सिंह ब्रांच के लिए 1200 क्यूसेक पानी की आपूर्ति रेग्यूलेशन के अनुसार निर्बाध जारी रखने पर सहमति बनी। इसके साथ ही आरडी 496 इंदिरा गांधी फीडर का पोंड लेवल 18.2 फीट रखने का निर्णय हुआ। अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद किसानों ने अपना विरोध समाप्त किया। आश्वासन के बावजूद गड़बड़ी हुई तो आगे का निर्णय प्रो. ओम जांगू ने कहा कि विभाग की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद किसानों को फिलहाल सहमति के अनुसार 1200 क्यूसेक पानी निर्बाध मिलने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए समझाया गया है। उन्होंने कहा कि यदि समझौते के बावजूद पानी की आपूर्ति में किसी तरह की गड़बड़ी होती है तो किसान प्रतिनिधि आगामी निर्णय लेंगे। इस मौके पर किसान प्रतिनिधि केसी गोदारा, अशोक चौधरी, मुकेश कुमार, सुभाष मक्कासर, यादविन्द्र सिंह, गोपाल बिश्नोई, जगदीश, विक्रम गोदारा, मनदीप सिंह, गगनदीप सहित अन्य किसान मौजूद रहे।