राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने सीकर के पिपराली गांव में कहा कि राजस्थान के युवाओं में नशा करने की आग बढ़ती जा रही है, ये चिंता की बात है। विदेशी पैसों के लिए नहीं भारत की युवा नस्ल को बर्बाद करने के लिए यहां नशा भेज रहे हैं। राजस्थान में सीमा पार से नशा आ रहा है, ये रोजाना हो रहा है। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े गुरूवार को सीकर जिले के पिपराली गांव में चतुर्वेद परायण यज्ञ की पूर्णाहुति कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम आयोजक पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद ने नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने की घोषणा की। पिपराली गांव में वैदिक आश्रम के पास ग्रामीण खेल स्टेडियम में चतुर्वेद परायण यज्ञ और मलखंभ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 75 कुंडीय यज्ञ में 225 जोड़ों ने आहुतियां दीं और वेदांती छात्र-छात्राओं ने मंत्रोच्चार किए। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े के पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने लाइन अप होकर गुलाब के फूल भेंट किए। इसके बाद राज्यपाल बागड़े ने पूर्णाहुति दी। आयोजक पूर्व सांसद ने राज्यपाल बागड़े के साथ UDH राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, धोद विधायक गोवर्धन वर्मा और पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी का स्वागत किया। विदेशियों ने भारत के वेदों का किया अनुवाद राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि जो लोग आजादी के अमृत महोत्सव में शामिल हैं, वो आजादी के शताब्दी महोत्सव में भी शामिल होंगे। विदेशियों ने भारत के वेदों का अनुवाद किया और अपनाया। बहुत से आक्रमण हुए लेकिन भारत की संस्कृति और देवधर्म में आस्था कभी समाप्त नहीं हो सकी। राजस्थान में नदियां नहीं हैं, लेकिन यहां पंजाब से श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ जिले में आई एक नहर को 2027 में 100 साल पूरे होने वाले हैं। सरकार से अपील है कि उस नहर के शताब्दी समारोह के दौरान गांव-गांव में नहर के पानी की पूजा होनी चाहिए। अब यमुना जल समझौते के तहत शेखावाटी को पानी मिलेगा तो यहां कभी अकाल की स्थिति नहीं बनेगी। युवाओं में नशे की आदत तेज से फैल रही राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि युवाओं में नशा करने की आदत तेजी से फैल रही है। विदेशी ताकतें राजस्थान समेत पूरे देश में नशा भेज रहे हैं। उनका मकसद पैसा कमाना नहीं हमारे देश की युवा पीढ़ी को बर्बाद करना है। युवाओं को समझने की जरूरत है। पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद जैसे संतों के नशाविरोधी अभियानों से नेता-व्यापारी-अधिकारी-स्टूडेंट्स समेत समाज का हर वर्ग जुड़ेगा। पंजाब से कारखानों का आर रही पानी राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि जो लोग देश चला रहे हैं वो हिंद के योगी बनकर काम कर रहे हैं। आज हमें खान-पान सुधारने की जरूरत है। विदेशी खाद से कैंसर की बीमारी बढ़ रही है। राजस्थान में पंजाब से आने वाले पानी में कारखानों का पानी आ रहा है, जिससे नहरों के पास की जनता में कैंसर का खतरा बढ़ रहा है। जैविक खेती के लिए गोबर की‌ खाद जरुरी है। पूरे देश में सबसे ज्यादा गौशालाएं राजस्थान में हैं, यहां सबसे ज्यादा गौ सेवा की जाती है लेकिन नंदियों(सांडों) का कुछ अता-पता नहीं है। जबकि सांड भी खेत में जुताई के काम आते हैं। अब गौशाला के साथ ही नंदीशाला खोलने की जरूरत पड़ने लगी है। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि आजकल बच्चे UPSC जैसी बड़ी परीक्षाओं में कम ही जा रहे हैं, इसका कारण शुरुआती शिक्षा में कमजोरी। बच्चों की प्राइमरी, अपर प्राइमरी और मिडिल शिक्षा में बौद्धिक विकास की जरुरत है। राज्यसभा सांसद ने सभी मंचस्थ लोगों को खुद की लिखी हुई किताब संकल्प से सिद्धी तक मोदीयुग भेंट की। UDH राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान की सख्त जरूरत है। राजस्थान में पंजाब से श्रीगंगानर-हनुमानगढ़-बीकानेर होकर और श्रीगंगानगर-जैसलमेर-बाड़मेर-जोधपुर-नागौर होकर सीकर तक नशे के 2 रूट बन गए हैं। युवाओं को नशे की आग से बचना होगा। राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि शेखावाटी को यमुना जल का पानी मिलेगा तो वर्षों पुरानी पेयजल व सिंचाई की समस्या खत्म हो जाएगी। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े करीब ढाई घंटे तक पिपराली रूके और इसके बाद पिपराली, बाजौर होते हुए रवाना हो गए। यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद कार्यकर्त्ताओं ने पूर्व सांसद सुमेधानंद का अभिनंदन किया। मलखंभ समेत अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।