राजस्थान की युवा बास्केटबॉल टीम ने देश भर में जैसलमेर और पूरे राज्य का मान बढ़ा दिया है। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में खेली गई 51वीं सब जूनियर नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में राजस्थान टीम ने फाइनल में यूपी को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। राजस्थान टीम के मुख्य प्रशिक्षक और जिला खेल अधिकारी राकेश बिश्नोई ने बताया- खिताबी मुकाबले में राजस्थान ने उत्तर प्रदेश जैसी मजबूत टीम को एकतरफा मुकाबले में 21 अंकों के बड़े अंतर से हरा दिया। इस ऐतिहासिक जीत में जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी के खिलाड़ियों की भूमिका सबसे अहम रही, जिनकी बदौलत राजस्थान ने यह बड़ा मुकाम हासिल किया है। नॉकआउट मुकाबलों तक टीम ने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया जिला खेल अधिकारी राकेश बिश्नोई ने बताया- प्रतियोगिता के शुरुआती दौर से ही राजस्थान के खिलाड़ियों का जोश और हौसला देखने लायक था। लीग मैचों से लेकर नॉकआउट मुकाबलों तक टीम ने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया। लीग चरण में राजस्थान ने मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मिजोरम जैसी टीमों को धूल चटाई। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में छत्तीसगढ़ और सेमीफाइनल में हरियाणा को बड़े अंतर से हराकर टीम ने फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला गत विजेता उत्तर प्रदेश के खिलाफ था, लेकिन हमारे खिलाड़ियों के आगे विपक्षी टीम पूरी तरह बेबस नजर आई। जैसलमेर के खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान इस पूरे टूर्नामेंट में जैसलमेर के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया। अकादमी के प्रतिभावान खिलाड़ी रॉबिन धानका को उनके बेहतरीन खेल के लिए पूरे टूर्नामेंट का 'बेस्ट प्लेयर' चुना गया। वहीं, हर्षवर्धन सिंह भाटी ने पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 177 अंक बनाकर 'टॉप स्कोरर' होने का गौरव हासिल किया। इसके अलावा संदीप ने भी अपने खेल से टीम की जीत में पूरा योगदान दिया। खिलाड़ियों की इस सफलता से जैसलमेर सहित पूरे राजस्थान में खुशी की लहर दौड़ गई है। ऐतिहासिक जीत पर सबने दी बधाई टीम के इस शानदार सफर के पीछे प्रशिक्षकों की कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन का बड़ा हाथ है। राजस्थान टीम के मुख्य प्रशिक्षक और जिला खेल अधिकारी राकेश बिश्नोई ने बताया- बच्चों की कई साल की मेहनत आज रंग लाई है। इस दौरान राजस्थान बास्केटबॉल संघ के सचिव गेमर सिंह सोढा, सहायक प्रशिक्षक अनूप सिंह भाटी और टीम मैनेजर जयप्रकाश बिश्नोई भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए विजयवाड़ा में मौजूद रहे। इस ऐतिहासिक जीत पर खेल प्रेमियों ने पूरी टीम और कोचिंग स्टाफ को बधाई दी है।