राजस्थान में बाजरे की MSP पर खरीद शुरू करने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ ने राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। किसान संघ ने कहा कि यदि सरकार किसानों की मांग पर जल्द निर्णय नहीं लेती है तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। भारतीय किसान संघ के प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रांत अध्यक्ष कालूराम बागड़ा ने कहा कि वर्तमान में मंडियों में किसानों का बाजरा करीब 2000 रुपए प्रति क्विंटल के भाव पर बिक रहा है, जबकि केंद्र सरकार ने बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2900 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है। उन्होंने राज्य सरकार से किसानों के हित में MSP पर बाजरे की खरीद शुरू करने की मांग की। बागड़ा ने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प-पत्र में बाजार में MSP पर खरीद का वादा किया था लेकिन ढाई साल बीतने के बाद भी इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। भावांतर या MSP पर खरीद की मांग प्रांत महामंत्री डॉ. सांवर मल सोलेट ने कहा कि राजस्थान देश का सबसे बड़ा बाजरा उत्पादक राज्य है। यदि बाजरे को अंतरराष्ट्रीय बाजार में निर्यात को बढ़ावा दिया जाए तो किसानों को इसका लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की तर्ज पर राजस्थान में भी किसानों को भावांतर दिया जाए या फिर सरकार सीधे MSP पर बाजरे की खरीद करे। 160 तहसीलों में होगा धरना-प्रदर्शन प्रदेश उपाध्यक्ष छोगालाल सैनी ने बताया कि MSP पर बाजरा खरीद की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ के जयपुर प्रांत की सभी 160 तहसीलों में 5 अक्टूबर को धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। कार्यक्रम में प्रांत मंत्री श्रीचंद सिद्ध, जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण यादव, जिला मंत्री डॉ. लोकेश कुमार चंदेल सहित किसान संघ के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।