जयपुर में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- बीजेपी से कइयों को एलर्जी है, लेकिन इसमें मैं क्या कर सकता हूं। हमारे यहां परिवारवाद नहीं चलता है, लोकतंत्र में चुनाव लड़ना सभी का मौलिक अधिकार है। मैं किसी के मौलिक अधिकार का हनन नहीं कर सकता हूं। यह उनकी अपनी सोच है। इसके बारे में मैं क्या कह सकता हूं। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के बेटे के निर्दलीय चुनाव लड़ने और बीजेपी से एलर्जी के बयान पर राठौड़ ने गुरुवार को प्रदेश बीजेपी कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए यह कहा। वहीं अशोक गहलोत के चौथी बार गहलोत सरकार का नारा नहीं लगाने के बयान पर मदन राठौड़ ने कहा- यह नारा उनके अध्यक्ष डोटासरा को पसंद नहीं है। इसलिए अशोक गहलोत ने कहा कि यह नारा मत लगाओ। डोटासरा अशोक गहलोत के खिलाफ हैं। जब महेंद्रजीत सिंह मालवीय ने कांग्रेस जॉइन की और वे पीसीसी जाने से पहले अशोक गहलोत के बंगले पर चले गए, तब डोटासरा ने जो बात कही थी। वो आज भी गहलोत को चुभ रही हैं। इसलिए गहलोत कह रहे है कि यह नारा मत लगाओ, क्योंकि डोटासरा आज भी कह देंगे कि यह नारा बंद करो। खुद पर किसी की छाप मत लगने दो पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए मदन राठौड़ ने कहा- मैं मुस्लिम भाइयों को कहना चाहता हूं कि खुद पर किसी की छाप मत लगने दो। जो अच्छा काम करें, उसे शाबाशी दो। खातेदार मत बनो, रोकड़िया बनो। उन्होंने कहा- कांग्रेस मुसलमानों को खातेदार समझती है। वे आपको डराकर वोट लेती हैं, इसलिए अपने आप पर किसी की छाप मत लगने दो। मदन राठौड़ ने कहा- कांग्रेस मुस्लिम भाइयों को डराती है कि आरएसएस उन्हें खा जाएगा। हमारे यहां तो मुस्लिम समाज के गिनती के लोग हैं। फिर भी हमने अल्पसंख्यक मोर्चे के प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती को स्टार प्रचारक बनाया। देश का हर नागरिक विकसित हो। यही हमारी प्राथमिकता है।