कोटा में राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET-2026) का आयोजन किया जा रहा है। राजस्थान में करीब 4 साल बाद SET परीक्षा होने से अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। एग्जाम कोटा समेत प्रदेश के 7 संभागीय मुख्यालयों पर परीक्षा आयोजित हो रही है। कोटा में 32 परीक्षा केंद्रों पर 14,839 अभ्यर्थी नामांकित हैं। रविवार सुबह परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें नजर आईं। दादाबाड़ी इलाके में मोदी कॉलेज के बाहर भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले पुलिस और कॉलेज स्टाफ ने मेटल डिटेक्टर से जांच की। तीन लेयर की चेकिंग के बाद अभ्यर्थियों को केंद्र के अंदर प्रवेश दिया गया। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक ऑफलाइन OMR आधारित प्रणाली से आयोजित की जा रही है। परीक्षा केंद्रों के गेट सुबह 10 बजे बंद कर दिए गए और इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया गया। 1.77 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हो रहे प्रदेशभर में 1 लाख 77 हजार 901 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इनके लिए 7 संभागीय मुख्यालयों पर कुल 429 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। राजस्थान सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देश पर इस वर्ष परीक्षा का आयोजन कोटा विश्वविद्यालय द्वारा किया जा रहा है। परीक्षा यूजीसी-नेट के नवीनतम मानकों के अनुरूप कराई जा रही है। परीक्षा की निगरानी और केंद्रों से समन्वय के लिए कोटा विश्वविद्यालय में केंद्रीय कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।