नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर जयपुर से है। यहां त्रिपोलिया बाजार में 3 मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग 25 दुकानों में फैल गई। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें
1. भाजपा की बाड़ेबंदी में पार्षद की तबीयत बिगड़ी
निकाय चुनाव में मेयर, चेयरमैन और पालिकाध्यक्ष पद को लेकर भाजपा-कांग्रेस जोड़-तोड़ में लगी है। उदयपुर में बाड़ेबंदी में भाजपा के पार्षद दिनेश भट्ट की तबीयत बिगड़ गई, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। भीलवाड़ा में भाजपा की जसवंत कंवर का निर्विरोध मेयर बनना तय है। पूरी खबर पढ़ें 2. पंचायत चुनाव के आरक्षण की लॉटरी 23-24 सितंबर को
सरकार ने पंचायती चुनाव के आरक्षण की लॉटरी की नई तारीखों की घोषणा कर दी है। अब प्रधान, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के आरक्षण की लॉटरी 23 सितंबर को निकाली जाएगी। पंच और सरपंच के आरक्षण की लॉटरी 24 सितंबर को उपखंड स्तर पर निकाली जाएगी। पूरी खबर पढ़ें 3. 3 मंजिला बिल्डिंग में आग, 25 दुकानें जलीं
जयपुर में त्रिपोलिया बाजार के मणिहारों का कटला में 3 मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। दूसरी मंजिल पर चूड़ियों के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से लगी आग की चपेट में 25 दुकानें आ गईं। 30 फायर ब्रिगेड और करीब 50 कर्मचारियों ने 7.30 घंटे में आग पर काबू पाया। पूरी खबर पढ़ें 4. लव मैरिज से नाराज घरवालों ने युवती को किडनैप किया
पाली की रहने वाली युवती ने घर से भागकर गांव के ही युवक से लव मैरिज कर ली। नाराज परिजन उसे बेंगलुरु से किडनैप कर घर लाने लगे। पति ने शोर मचाया तो आरोपियों कार दौड़ा दी। भीड़-भाड़ वाले इलाके में कार ने सड़क पर खड़े 6 लोगों को कुचल दिया और 20 गाड़ियों को टक्कर मार दी। पूरी खबर पढ़ें 5. जयपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश
जयपुर, सीकर, अजमेर और बूंदी समेत कई जिलों में गुरुवार को बारिश हुई। जयपुर में बारिश के बाद कई जगह जाम की स्थिति हो गई। सीकर में निचले इलाकों में पानी भर गया। अजमेर जिले के केकड़ी में करीब 2 घंटे तक तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. ज्वेलरी शॉप से 3.25 लाख के गहने चुराकर भागा
उदयपुर में एक ज्वेलरी शॉप पर ग्राहक बनकर आया शातिर बदमाश 3.25 लाख रुपए के गहने चुराकर फरार हो गया। आरोपी ने ज्वेलर से सोने की बालियां दिखाने के लिए कहा और बातों में उलझाकर 25 ग्राम वजनी सोने की बालियां चुरा ली और फरार हो गया। पूरी खबर पढ़ें 7. युवक ने केरोसिन छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की
भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट के बाहर एक युवक ने खुद पर केरोसिन डालकर आग लगाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उससे लाइटर छीन लिया और हिरासत में ले लिया। पूछताछ में युवक ने बताया- एक व्यक्ति से 8 लाख रुपए में प्लॉट खरीदा था, लेकिन अब वह न तो प्लॉट दे रहा है और न रुपए लौटा रहा है। पूरी खबर पढ़ें 8. लूट के लिए गर्लफ्रेंड से करवाई थी 3 बार रेकी
जयपुर में बैंक कर्मचारियों से 41.70 लाख रुपए लूटकर भागे 3 बदमाश अब तक पकड़ में नहीं आए हैं। तीनों ओला-उबर कंपनी में अपनी कार चलाते थे। 1 बदमाश ने लूट के लिए अपनी गर्लफ्रेंड से रेकी करवाई थी। पुलिस ने युवती को लूट के 26.80 रुपए के साथ पकड़ लिया है। पूरी खबर पढ़ें 9. ट्रक ने ट्रैक्टर-कार को मारी टक्कर, 2 की मौत
बीकानेर में ट्रक ने पहले ट्रैक्टर और फिर कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार में बैठे बच्चे सहित 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हैं। ट्रैक्टर पर बैठे 2 युवक भी घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि कार एक तरफ से पिचक गई और दोनों शव बुरी तरह फंस गए। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. 4 निकायों में मेयर-चेयरमैन के लिए नामांकन कल से
जयपुर-जोधपुर और कोटा नगर निगम के मेयर के साथ कोटा की सुकेत नगर पालिका के चेयरमैन के चुनाव का शेड्यूल जारी कर दिया है। चुनाव के लिए 18 सितंबर से नामांकन शुरू होंगे। 22 सितंबर तक नाम वापसी और 25 सितंबर को वोटिंग होगी।