नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर फलोदी जिले से है। यहां पिता के सामने 9 साल का बेटा 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें
1. पिता के सामने बोरवेल में गिरा 9 साल का बेटा
फलोदी जिले में पिता के सामने 9 साल का बेटा 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। खराब बोरवेल से पाइप निकालने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक बच्चा गिर गया। मौके पर पहुंची SDRF ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और बोरवेल में कैमरा डाला, जिसमें 640 फीट नीचे बच्चे का मूवमेंट नजर आया। पूरी खबर पढ़ें 2. फर्जी सर्टिफिकेट से इंटर्नशिप की, 4 डॉक्टर गिरफ्तार
फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (FMGE) का फर्जी सर्टिफिकेट बनवाकर मेडिकल कॉलेजों में इंटर्नशिप करने के मामले में 4 डॉक्टर को SOG ने गिरफ्तार किया है। चारों डॉक्टर ने फर्जी सर्टिफिकेट से राजस्थान मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन करा लिया था। पूरी खबर पढ़ें 3. सीकर-अलवर में बारिश, भरतपुर में आंधी चली
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण राजस्थान में मौसम बदल गया है। सीकर, अलवर और कोटपूतली-बहरोड़ जिले में गुरुवार को दोपहर में बरसात हुई। भरतपुर में धूल भरी आंधी चली। राजधानी जयपुर में भी बूंदाबांदी हुई। दिल्ली-NCR में खराब मौसम के चलते 4 फ्लाइट जयपुर डायवर्ट की गई। पूरी खबर पढ़ें 4. जेल से चुनाव लड़ेगी निर्दलीय प्रत्याशी
नागौर में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में फर्जीवाड़ा कर क्लेम राशि हड़पने के आरोप में गिरफ्तार बसंती जिला परिषद के वार्ड संख्या 32 से चुनाव लड़ेगी। मामला सामने आने के बाद भाजपा ने बसंती का टिकट रद्द कर दिया, लेकिन निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर रखा है। पूरी खबर पढ़ें 5. 1 हजार किलो से ज्यादा नकली मावा पकड़ा
बूंदी के नमाना कस्बे में पुलिस की जिला स्पेशल टीम ने नकली मावे की फैक्ट्री पर छापा मारा। यहां से 1084 किलो नकली मावा, 355 किलो मिल्क केक, मिल्क पाउडर के 16 कट्टे, सूजी के 13 कट्टे और पाम ऑयल के 7 पीपे जब्त किए। पुलिस ने नकली माल को मौके पर ही नष्ट करवाया। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. तीर्थयात्रा में गए बुजुर्ग यात्री 6 घंटे सड़क पर बैठे रहे
वरिष्ठ नागरिक निःशुल्क तीर्थ यात्रा योजना के तहत पश्चिम बंगाल के गंगासागर गए बुजुर्गों ने यात्रा में लापरवाही के आरोप लगाए। बुजुर्गों ने आरोप लगाया कि कोलकाता पहुंचने के बाद करीब 6 घंटे तक सड़क पर बैठना पड़ा। होटल में चाय-नाश्ता नहीं मिला। बदबूदार खाना दिया। पूरी खबर पढ़ें 7. सैलरी से रोजाना 10-10 हजार वसूलने का आदेश
धौलपुर की सरमथुरा MJM कोर्ट ने वन विभाग के 4 अधिकारियों की सैलरी से रोजाना 10-10 हजार रुपए वसूलने का आदेश दिया है। कोर्ट ने 30 सितंबर को अवैध खनन मामले में पकड़े गए ट्रक और हाइड्रा मशीन को छोड़ने का आदेश दिया था, लेकिन अधिकारियों ने आदेश नहीं माना। पूरी खबर पढ़ें 8. जेल में हिस्ट्रीशीटर ने मचाया उत्पात, प्रहरी को काटा
धौलपुर जिला जेल में बंद एक हिस्ट्रीशीटर ने खाना बांटने के दौरान जमकर उत्पात मचाया। दूसरे बंदियों के साथ कहासुनी के बाद हिस्ट्रीशीटर मारपीट पर उतारू हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे जेल प्रहरियों के साथ भी उसने मारपीट की। एक जेल प्रहरी के हाथ पर काट लिया। पूरी खबर पढ़ें 9. सूदखोरों से परेशान युवक ने किया सुसाइड
भीलवाड़ा में सूदखोरों के दबाव और लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर एक युवक ने फंदा लगा लिया। परिजनों का आरोप है कि दुर्गेश कुमार ने उधार लिया पैसा 2% ब्याज के हिसाब से 16.35 लाख रुपए चुका दिए थे, लेकिन आरोपी 10% का ब्याज मांग रहे थे। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. दूसरे चरण के नामांकन का आखिरी दिन
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के नामांकन का 16 अक्टूबर को आखिरी दिन है। प्रत्याशी दोपहर 3 बजे तक नामांकन कर सकेंगे। दूसरे चरण के लिए 19 अक्टूबर को नाम वापसी और 28 अक्टूबर को वोटिंग होगी।