राजस्थान में बारिश का दौर थमने के साथ ही गर्मी तेज हो गई। जैसलमेर में 41 और बीकानेर, बाड़मेर में तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज हुआ। सितंबर में भी मई जैसी गर्मी महसूस हो रही है। इसके अलावा जोधपुर, जयपुर, अजमेर, पिलानी समेत कई अधिकांश शहरों का तापमान भी सामान्य से ऊपर है। मौसम विभाग ने राज्य में 4-5 दिन मौसम ड्राई रहने और गर्मी रहने की संभावना जताई है। मौसम विशेषज्ञों ने बताया- उत्तर-पश्चिमी हवा चलने से राज्य में लगातार तापमान बढ़ रहा है और नमी भी कम हो रही है। इसके कारण राज्य के कुछ हिस्सों से अगले 24 से 48 घंटे के दौरान मानसून की विदाई हो सकती है। प्रदेश में बारिश की स्थिति जैसलमेर में रहा सबसे अधिक तापमान प्रदेश में मंगलवार को सबसे ज्यादा गर्मी जैसलमेर में रही। जहां अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके बाद बीकानेर में 40.6, बाड़मेर में 40.4, चूरू में 39.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर के एरिया में हल्की गर्म हवा चलने से गर्मी का असर है। कम बारिश के कारण सूखे जैसे हालात राजस्थान में इस साल मानसून की एंट्री लेट हुई थी। इसके बाद अगस्त में सबसे कम बरसात रिकॉर्ड हुई। प्रदेश के अधिकतर जिलों में बारिश सामान्य या सामान्य से कम हुई है। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में सूखे जैसे हालात हैं। मानसून के आखिरी चरण में भी यहां बारिश नहीं हुई है। आने वाले दिनों में भी यहां बारिश की संभावना कम है। राजस्थान के प्रमुख जिलों में मौसम का हाल जयपुर: राजधानी में मंगलवार को अधिकतम तापमान में 2 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज हुई। दिन में तेज धूप रहने से गर्मी बढ़ गई। हालांकि शाम होने के बाद गर्मी से राहत मिली। जयपुर में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कोटा: शहर में एक बार फिर गर्मी और उमस बढ़ गई है। शहर में मंगलवार को दिनभर हल्की धूप खिली रही। पारा 1 डिग्री बढ़कर 34.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर: शहर में मंगलवार को दिनभर मौसम साफ रहा। सीकर से मानसून की औपचारिक विदाई हो चुकी है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में अगले एक हफ्ते मौसम ड्राई रहेगा। अजमेर: शहर में मंगलवार को दिनभर गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया। अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार- आने वाले दिनों में बरसात की उम्मीद है। अलवर: शहर में मंगलवार सुबह से मौसम सामान्य रहा। अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने का अनुमान है। जोधपुर: मंगलवार को मौसम साफ रहा। हालांकि अधिकतम तापमान 39.4 ​डिग्री तक रिकॉर्ड किया गया। वहीं मौसम विभाग ने 28 सितंबर तक किसी तरह बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।