उदयपुर की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स टीम ने राजसमंद के भीम में कार्रवाई करते हुए 71 लाख रुपए के अवैध गांजे के हर पौधे बरामद किए हैं। ANTF महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि मक्के की फसल की आड़ में गांजे की खेती की जा रही थी। मुखबिर से सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और गुप्त तरीके से दबिश दी। आरोपियों ने खेत के चारों तरफ कांटेदार तारों से तारबंदी की हुई थी। खेत के अंदर मक्के की फसल के बीच हरे गांजे के पौधे खड़े दिखाई दिए। मौके पर आसपास खेत मालिक की तलाश की लेकिन वह नहीं मिला। स्थानीय पुलिस की मदद से खेत में खड़ी गांजे की फसल को जड़ सहित उखड़वाया। साथ ही खेत मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। अपराधी या मादक पदार्थ की सूचना इस नंबर पर दें मौके से 355 अवैध मादक पदार्थ गांजे के हरे पौधे बरामद किए हैं। महानिरीक्षक विकास कुमार ने आमजन से अपील की है कि अगर किसी भी व्यक्ति के पास अपराधी या अवैध मादक पदार्थ से जुड़ी कोई सूचना तो वह ANTF के नियंत्रण कक्ष नंबर 0141-2502877 और वाट्सऐप नंबर 9261225056 पर दे सकता है। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा।