राजसमंद नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 को लेकर लागू आदर्श आचार संहिता के बीच देवगढ़ पुलिस थाना और डीएसटी राजसमंद ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत काली घाटी में नाकाबंदी के दौरान 45 किलो अवैध डोडा चूरा जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त इटियोस कार को भी जब्त किया गया। एसपी हेमंत कलाल के निर्देश पर एएसपी महेंद्र पारीक और भीम पुलिस उप अधीक्षक राकेश कुमार वर्मा के सुपरविजन में थाना इंचार्ज मुकेश चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर काली घाटी में नाकाबंदी की गई। इसी दौरान सफेद रंग की इटियोस कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 45 किलो डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से मुकेश(27) पुत्र दामाराम बावरी, निवासी लालाप, थाना भावंडा, जिला नागौर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में डोडा चूरा चित्तौड़गढ़ जिले के भादसौड़ा निवासी नारायणलाल पुत्र हीरालाल माली से खरीदना सामने आया है। मामले में अग्रिम अनुसंधान भीम थाना पुलिस द्वारा किया जा रहा है।