पंचायतीराज चुनाव को देखते हुए राजसमंद पुलिस की ओर से वांछित आरोपियों और अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में देवगढ़ थाना पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब की सप्लाई के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी को ब्यावर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पूछताछ और अनुसंधान के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। सीमेंट कट्टों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे शराब पुलिस के अनुसार, गत 14 जनवरी को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बग्गड़ टोल नाके के पास नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान एक ट्रेलर को रुकवाकर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में ट्रेलर में सीमेंट के कट्टों के नीचे भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर ले जाना सामने आया। पुलिस ने शराब जब्त कर ट्रेलर चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया था। सप्लायर के रूप में सामने आया नाम अनुसंधान के दौरान अवैध शराब के सप्लायर की पहचान ओमप्रकाश सैन उर्फ सोनू (25) निवासी धालकी कलालिया, थाना सेन्दड़ा, जिला ब्यावर के रूप में हुई। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने तकनीकी सहायता और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी को ब्यावर से डिटेन किया। पूछताछ और अनुसंधान के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए गए। थाना इंचार्ज के नेतृत्व में कार्रवाई यह कार्रवाई देवगढ़ थाना इंचार्ज मुकेश चौधरी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की। टीम में कांस्टेबल रामचन्द्र, प्रकाश और चालक कांस्टेबल रामस्वरूप शामिल रहे।