राजसमंद में आज नारी शक्ति सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम के तहत राजीविका से जुड़ी महिलाओं ने मुख्यमंत्री के वर्चुअल कार्यक्रम को देखा, जहां प्रदेश के अलग-अलग जिलों से महिलाओं ने अपने अनुभव मुख्यमंत्री से साझा किए। इस दौरान राजसमंद जिले की महिला समूहों से जुड़ी महिलाओं ने हिस्सा लिया। साथ ही महिलाओं ने अपने अनुभव और जीवन मे आए बदलाव को साझा किया। प्रदेश में राजीविका की शुरुआत के बाद ग्रामीण महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। कभी घर की चारदीवारी तक सीमित रहने वाली महिलाएं अब महिला समूहों से जुड़कर आर्थिक गतिविधियों में भाग ले रही हैं। वे बैंकों, सरकारी कार्यालयों और बैठकों के साथ राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में भी अपनी भागीदारी निभा रही हैं। नारी शक्ति सम्मेलन एवं संवाद के वर्चुअल कार्यक्रम के बाद महिलाओं ने खुद को गौरवान्वित महसूस किया। महिलाओं का कहना है कि राजीविका से जुड़ने के बाद न केवल उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आया, बल्कि सामाजिक स्तर पर भी बदलाव हुआ है। घूंघट और चारदीवारी से बाहर निकलकर महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है। राजसमंद जिले में राजीविका के माध्यम से महिला समूह हर्बल गुलाल, रक्षा सूत्र, विभिन्न प्रकार के अचार, जूट के बैग और टेराकोटा कला की कलाकृतियों सहित गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। इन कामों से महिलाएं आमदनी अर्जित कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे रही हैं।