राजसमंद में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विशाल मेगा मार्ट से 140 किलोग्राम खराब खाद्य सामग्री नष्ट कराई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के आदेशानुसार और जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने टीवीएस चौराहे स्थित विशाल मेगा मार्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान चावल, दाल में कीड़े पाए गए, जबकि चिप्स, घी के पैकेट, मसाले, तेल और खाद्य सामग्री के कुछ पैकेट अवधि पार मिले। 140 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट कराई खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मौके पर पाई गई खराब और एक्सपायरी डेट खाद्य सामग्री में चावल, मूंग मोगर दाल, काबुली चने, चिप्स, तेल, घी, मसाले एवं अन्य सामग्री सहित करीब 140 किलोग्राम खाद्य सामग्री जनहित में नष्ट करवाई। इसके साथ ही प्रतिष्ठान से काबुली चने और बादाम के नमूने खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के तहत लिए गए। कठोर कार्रवाई की मांग मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत कुमार बिंदल ने बताया-कि विभाग ने 7 से 14 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत दुकानों का निरीक्षण किया। मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। लैब में भेजे जाएंगे सैंपल सभी लिए गए नमूने को जांच के लिए उदयपुर लैब में भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेमचंद शर्मा, सीमा कुमारी, मनीष कुमार, राहुल कुमार जाट एवं मुकेश कटारा शामिल रहे।