मोही| नव प्रभात पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एमड़ी में मंगलवार को रक्षाबंधन पर्व पर विद्यार्थियों में उत्साह, रचनात्मकता, भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की भावना विकसित करने के लिए प्रतियोगिताएं कराई गईं। इनमें नर्सरी से कक्षा 5वीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। स्कूल में राखी पोस्टर, राखी मेकिंग, वन मिनट मैसेज, राखी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं हुईं। विद्यार्थियों ने आकर्षक राखियां बनाई। पोस्टर तैयार किए। रक्षाबंधन से जुड़े सवालों की प्रश्नोत्तरी में भी बच्चों ने हिस्सा लिया। संदेश प्रतियोगिता में भी भागीदारी रही। रक्षाबंधन को लेकर स्कूल में खास उत्साह दिखा। छात्राओं ने सुंदर राखियां बनाईं। प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों ने भाई-बहन के प्रेम, स्नेह, आपसी विश्वास का संदेश दिया। प्रतियोगिताओं में प्रथम देवप्रभा गाडरी, द्वितीय अनिक कुमावत, तृतीय धीरज कुमावत रहे। स्कूल प्रबंधन ने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया। प्रधानाचार्य शंभूलाल दशोरा, व्यवस्थापक राजेंद्र कुमावत, शिक्षिका प्रवीण बानू, कृष्णा सिसोदिया, गीता पालीवाल, अनीता गोस्वामी, कंचन अहीर ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की। भारतीय संस्कृति, पारंपरिक पर्वों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।