कोटा जिले की 5 निकायों में से 4 निकाय सांगोद, रामगंजमंडी, सुल्तानपुर, इटावा में अध्यक्ष पद की कुर्सी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। सांगोद में बीजेपी के चंद्रप्रकाश सोनी ने अध्यक्ष पद के लिए नॉमिनेशन भरा है। रामगंज मंडी में बीजेपी की तरफ से तीन प्रत्याशियों ने नॉमिनेशन भरा है। इटावा में दोनों दलों को बहुमत नहीं मिला है। बता दें कि सुकेत नगर पालिका में वार्ड 4 में एक बूथ पर री पोलिंग के चलते अभी अध्यक्ष के चुनाव की तारीख तय नहीं हुई है। सांगोद में भाजपा मंडल अध्यक्ष ने नॉमिनेशन भरा सांगोद में भाजपा के चंद्रप्रकाश सोनी ने अध्यक्ष पद के लिए नॉमिनेशन भरा है। चंद्र प्रकाश वर्तमान में सांगोद भाजपा मंडल अध्यक्ष भी हैं। पहली बार चुनाव जीतकर पार्षद बने हैं। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के करीबी हैं। जिले की 35 वार्ड वाली सांगोद नगर पालिका में भाजपा को 20 वार्ड में जीत मिली थी। चार निर्दलीय सत्यनारायण, मंजू बाई,चौथमल और निशा ने भी भाजपा को समर्थन दे दिया है। चारों को मिलाकर भाजपा का आंकड़ा अब 24 तक पहुंच चुका है। कांग्रेस की ओर से वार्ड 20 से जीते पार्षद बृजमोहन रेगर ने भी नामांकन भरा। रामगंजमंडी में नरेंद्र काला भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी घोषित रामगंजमंडी नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा ने अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष शैलेष काला ने बताया- नरेंद्र काला को पार्टी का सिंबल मिला है। नरेंद्र काला भाजपा जिला देहात उपाध्यक्ष हैं। कोटा स्टोन एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। अब अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के नरेंद्र काला और कांग्रेस के पवन बाबेल के बीच मुकाबला होगा। बता दें अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की और से नरेंद्र काला के साथ महेश श्रीवास्तव और निवर्तमान अध्यक्ष अखिलेश मेड़तवाल ने भी नामांकन किया था। रामगंजमंडी में 40 में से 24 सीटें जीतकर भाजपा ने बहुमत हासिल किया है। कांग्रेस को 14 सीटें मिली है, जबकि दो निर्दलीय जीतकर पार्षद बने हैं। कांग्रेस के पवन बाबेल ने नॉमिनेशन भरा, बहुमत के लिए 21 का आंकड़ा चाहिए रामगंजमंडी नगर पालिका अध्यक्ष के लिए कांग्रेस के पवन बाबेल ने नॉमिनेशन भरा है। पवन बाबेल वार्ड 27 से निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। कांग्रेस के रामगंज मंडी में 14 प्रत्याशी जीतकर पार्षद बने हैं। बहुमत के लिए 21 का आंकड़ा चाहिए। पवन बाबेल कांग्रेस के नगर अध्यक्ष है। इटावा नगर पालिका,निर्दलीय के भरोसे दोनों पार्टी इटावा नगर पालिका में कांग्रेस की तरफ से निकिता पारेता ने नॉमिनेशन भरा है। जबकि भाजपा की ओर से निर्मला नागर ने अध्यक्ष पद के लिए नॉमिनेशन दाखिल किया है। 35 वार्डों वाली इटावा नगरपालिका में कांग्रेस ने 16 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा को 14 सीटें मिलीं। 5 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार जीते। अध्यक्ष बनाने के लिए 18 पार्षदों का समर्थन चाहिए। ऐसे में कांग्रेस के पास बहुमत से दो सीटें कम हैं, जबकि भाजपा को चार पार्षदों का समर्थन चाहिए। सुल्तानपुर नगर पालिका कांग्रेस से मुकेश उदयराज, भाजपा से अनीता मेघवाल ने नॉमिनेशन भरा सुल्तानपुर नगर पालिका अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है। कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर 17 से निर्वाचित पार्षद मुकेश उदयराज ने अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। जबकि भाजपा से भाजपा से वार्ड 8 पार्षद बनी अनीता मेघवाल ने नॉमिनेशन दाखिल किया है अनीता भाजपा की सक्रिय राजनीति में लंबे समय से जुड़ी हुई हैं। अनीता पदाधिकारी भी रह चुकी हैं। सुल्तानपुर नगर पालिका के 25 वार्डों में हुए चुनाव में भाजपा ने 13 सीटें, कांग्रेस ने 11 सीटें तथा एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी ने जीती हैं।