जयपुर में SUV से दो युवकों को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें SUV ड्राइवर दो युवकों को टक्कर मारकर गाड़ी तेज स्पीड में भगाकर ले जाता नजर आ रहा है। इससे पहले कुछ युवकों से झगड़ा भी हुआ था। इसके बाद वे भाग गए थे। मामला रामनगरिया थाने का है। वारदात 21 सितंबर की है। पूरा विवाद कार रेंटल देने के बाद पैसे के विवाद का है। सांगानेर एसीपी दीपक खंडेलवाल ने बताया- प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि कुछ युवक किराए पर SUV लेकर गए थे। इसके बाद SUV के टायर फटने पर कार रेंटल वालों और एसयूवी किराए पर लेकर गए युवक में विवाद हो गया था। कार रेंटल चलाने वाले लोग ज्यादा पैसे वसूलने का प्रयास कर रहे थे। पैसों को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। वीडियो में शामिल लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वीडियो में युवकों को टक्कर मारती नजर आई SUV वीडियो में एक कॉलोनी के अंदर सड़क पर SUV गाड़ी और 10 से ज्यादा लोग नजर आए है। झगड़े के बाद SUV सवार लड़कों ने गाड़ी से एक युवक को टक्कर मारी। इसके बाद दूसरे को भी टक्कर मारी और तेज स्पीड में गाड़ी को भगाकर ले गए। कार रेंटल पर ली युवक ने कराया मामला दर्ज रामनगरिया थानाधिकारी अनिल कुमार टेलर ने बताया- मामले में स्टूडेंट विकास (26) ने मुकदमा दर्ज करवाया है। पीड़ित ने शिकायत में बताया कि दोस्तों के साथ घूमने के लिए 21 सितंबर को रामनगरिया थाना क्षेत्र में कार रेंटल शॉप से एसयूवी कार रेंट पर ली थी। गाड़ी के टायर में इस दौरान नुकसान हुआ था। हम नुकसान की भरपाई भी कर रहे थे, लेकिन कार रेंटल चलाने वाले अर्पित चौधरी, पुनित शर्मा, रोहित यादव ज्यादा पैसे वसूलने के लिए दबाव बना रहे थे। ज्यादा पैसे वसूलने के लिए इन लोगों ने हम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित विकास ने अर्पित चौधरी, रोहित यादव और पुनीत शर्मा सहित अन्य 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। मामले का सीसीटीवी सामने आने के बाद पीड़ित से संपर्क कर पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।