रणकपुर घाट सेक्शन में सोमवार को एक जीप के ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा हो गया। मालगढ़ चौकी के पास अचानक ब्रेक फेल होने के बाद जीप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय जीप में पिपला गांव के करीब 8-9 लोग सवार थे। सभी सायरा से पिपला की ओर जा रहे थे। ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित हुई जीप घायल यात्रियों ने बताया- जीप रणकपुर घाट सेक्शन से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने जीप को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन घाट की ढलान और वाहन की रफ्तार के कारण वह नियंत्रण नहीं कर सका। इसके बाद जीप सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत जीप में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद हादसे की सूचना अस्पताल और संबंधित लोगों को दी गई। दो एंबुलेंस से घायलों को सादड़ी सीएचसी पहुंचाया हादसे की सूचना मिलने पर सादड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से दो एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सादड़ी सीएचसी लाया गया। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टर असलम खान के साथ नर्सिंग अधिकारी मनोहर जोशी, अधिकारी चतराराम देवासी और अन्य चिकित्सा कर्मचारियों ने घायलों का उपचार शुरू किया। डॉक्टर्स ने घायलों की जांच कर आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया। कुछ घायलों को अधिक चोटें आने के कारण डॉक्टर्स की निगरानी में रखा गया। हादसे में पिपला के 9 लोग घायल हादसे में पिपला निवासी भूरी पत्नी मोडाराम राम (23), महेश पुत्र प्रकाश (10), बसु पत्नी बदराम (35), लाला राम पुत्र निंबाराम (25), रेखा पत्नी मोहनलाल (28), अम्बिया पुत्री निंबाराम (25), दीपा पत्नी मोहनलाल (55), काली पत्नी नारायणलाल (35) और फगनू पत्नी केसाराम (60) घायल बताए गए हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन और ग्रामीण सादड़ी सीएचसी पहुंच गए। अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई। चिकित्सा स्टाफ ने घायलों की स्थिति पर नजर रखते हुए उपचार जारी रखा। हादसे का कारण जीप के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।