रानी कस्बे में दिनदहाड़े हुई बाइक चोरी की घटना का रानी थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई बाइक बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 26 अगस्त को हुई थी। जांच टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्ध कालूराम उर्फ साकलाराम (27) पुत्र शंकरलाल, निवासी शनिश्चर मंदिर के पास, नाणा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी कालूराम ने बाइक चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। पुलिस अब आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।