सवाई माधोपुर में रणथंभौर जंगल सफारी व्हीकल ओनर्स यूनियन की बैठक शनिवार को रणथंभौर रोड स्थित भोमियाजी मंदिर परिसर में हुई। बैठक में वाहन मालिकों ने सफारी संचालन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों पर चर्चा की। सभी वाहन मालिकों ने सर्वसम्मति से तीन प्रमुख मांगों को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन देने का निर्णय लिया। यूनियन ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 1 अक्टूबर से रणथंभौर में जंगल सफारी वाहनों की हड़ताल की जाएगी। 15 साल मॉडल कंडीशन और 225 वाहनों की मांग यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि रणथंभौर में पर्यटक वाहनों से जुड़े कई मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं। वाहन मालिकों ने मांग की कि मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और महाराष्ट्र के अन्य टाइगर रिजर्व की तर्ज पर रणथंभौर में भी पर्यटक वाहनों की मॉडल कंडीशन 15 वर्ष निर्धारित की जाए। दूसरी प्रमुख मांग पर्यटकों की संख्या को देखते हुए प्रतिपारी 225 पर्यटक वाहनों को जंगल में भेजने की है। वाहन मालिकों का कहना है कि पर्यटकों की संख्या अधिक होने के कारण वर्तमान व्यवस्था में सभी पर्यटकों को सफारी का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता। वाहनों की संख्या बढ़ने से पर्यटकों को राहत मिल सकेगी। स्थायी बोर्डिंग प्लेस बनाने की मांग तीसरी मांग पर्यटक वाहनों के लिए स्थायी बोर्डिंग प्लेस बनाने की है। यूनियन का कहना है कि स्थायी बोर्डिंग व्यवस्था होने से सफारी संचालन व्यवस्थित होगा और पर्यटकों को भी बेहतर सुविधा मिल सकेगी। बैठक में तय किया गया कि तीनों मांगों को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यूनियन ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर जल्द सहमति नहीं बनी तो 1 अक्टूबर से सफारी वाहनों का संचालन बंद कर हड़ताल शुरू की जाएगी।