रणथंभौर टाइगर रिजर्व में सफारी के दौरान पार्क नियमों की अनदेखी करने वाले नेचर गाइड और वाहन चालक वन विभाग की कार्रवाई की जद में आए हैं। 1 से 4 अक्टूबर के बीच हुई वाहन चेकिंग और निरीक्षण में मोबाइल का इस्तेमाल करने, बिना वैध टिकट पर्यटकों को सफारी कराने और फर्जी टिकट से सफारी कराने के मामले सामने आए। इन मामलों में कई नेचर गाइडों और एक वाहन चालक को अग्रिम आदेश तक पार्क में प्रवेश से प्रतिबंधित किया गया है। 4 अक्टूबर को फर्जी टिकट से चार पर्यटकों को सफारी कराने का मामला भी सामने आया, जबकि जोन-3 में तीन गाइड मोबाइल इस्तेमाल करते मिले। वन विभाग ने संबंधित गाइड और चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगरानी और चेकिंग जारी रखने की बात कही है। वाहन चालक और गाइड पर कार्रवाई वन विभाग के अनुसार 4 अक्टूबर की सुबह वाहन चेकिंग के दौरान वाहन संख्या RJ25 TA 2233 में नियमों का उल्लंघन पाया गया। इसके बाद वाहन चालक फैजल आलम और नेचर गाइड सतीश उपध्याय को अग्रिम आदेश तक पार्क में प्रवेश से प्रतिबंधित कर दिया गया। इसी दिन जोन नंबर 6 में भी नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया। राजबाग नाका वनपाल की रिपोर्ट के अनुसार केंटर संख्या RJ25 PA 2123 में नेचर गाइड हरगोविंद माली बी-76 चार पर्यटकों को फर्जी टिकट के जरिए सफारी करवा रहा था। मामले में गाइड को अग्रिम आदेश तक पार्क प्रवेश से प्रतिबंधित किया गया है। जोन-3 में मोबाइल इस्तेमाल करते मिले 3 गाइड 4 अक्टूबर की सुबह जोन नंबर 3 में पर्यटन के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल करने पर तीन नेचर गाइडों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें वाहन RJ25 PA 2170 के गाइड सीताराम वर्मा 103ए, वाहन RJ25 TA 2207 की गाइड ज्योति मौर्य 38ए और वाहन RJ25 TA 2153 के गाइड महावीर सिंह 44ए शामिल हैं। तीनों को अग्रिम आदेश तक पार्क में प्रवेश से प्रतिबंधित किया गया है। बिना वैध टिकट सफारी कराने का मामला 3 अक्टूबर की सुबह वाहन संख्या RJ25 TA 1935 की जांच के दौरान नेचर गाइड रामकेश मीना द्वारा पर्यटकों को बिना वैध टिकट सफारी कराने की बात सामने आई। इसके बाद रामकेश मीना को अग्रिम आदेश तक पार्क प्रवेश से प्रतिबंधित कर दिया गया। इसी दिन मोबाइल का इस्तेमाल करने पर चार अन्य नेचर गाइडों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इनमें RJ25 TA 2248 के राजेश योगी, RJ25 PA 2303 के विजय शर्मा, RJ25 PA 2228 के सलाउद्दीन और RJ25 TA 1967 के भंवर सिंह शामिल हैं। 1 अक्टूबर को भी 2 गाइडों पर कार्रवाई वन विभाग के अनुसार 1 अक्टूबर की शाम जोन नंबर 2 में वाहन चेकिंग के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल कर पार्क नियमों का उल्लंघन करने पर RJ25 TA 1890 के गाइड नेतराम 68 और RJ25 TA 2258 के गाइड मीठा लाल 44 को भी अग्रिम आदेश तक पार्क प्रवेश से प्रतिबंधित किया गया है। वन विभाग की कार्रवाई से स्पष्ट है कि रणथंभौर में सफारी के दौरान निर्धारित नियमों की पालना को लेकर निगरानी बढ़ाई गई है। वाहन और गाइडों की जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर विभाग की ओर से कार्रवाई की जा रही है।