सवाई माधोपुर के रणथंभौर टाइगर रिजर्व की तालड़ा रेंज में बुधवार शाम 5.30 बजे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में 15 मजूदर घायल हो गए। इनमें महिलाएं भी हैं। दो गंभीर घायलों को जयपुर रेफर किया गया है। बाकी का इलाज जिला हॉस्पिटल में चल रहा है। ये मजदूर पौधों की निराई-गुड़ाई का काम कर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि चढ़ाई पर ट्रैक्टर-ट्रॉली ब्रेक फेल होने के कारण हादसा हुआ। पीएमओ बोले- दो मजदूरों को रेफर किया पीएमओ डॉ. तेजराम मीणा ने बताया- हमारे पास 6.30 बजे सूचना आ गई थी। हमने समस्त स्टाफ को बुलाया और ट्रॉमा में अटैंड रहने और सभी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। कुल 15 घायलों को जिला अस्पताल लाया गया था। इनमें से गुड्डी और लखन नाम के मजदूर ज्यादा गंभीर थे। उनकी चोट से लगातार खून बह रहा था। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया। जबकि 13 का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। ये हुए घायल: हादसे में चतरू (30) पुत्र रामफूल बैरवा निवासी तालड़ा, मुकेशी बाई (37) पत्नी पृथ्वीराज मीणा निवासी डूंगरी, काली देवी (20) पत्नी नवल गुर्जर निवासी तालड़ा, गोरा देवी (21) पत्नी पन्नालाल गुर्जर निवासी तालड़ा, रामखिलाड़ी (42) पुत्र किशोर मीणा निवासी डूंगरी, काली देवी (38) पत्नी गणेश सैन निवासी तालड़ा, लाखन सिंह (17) पुत्र हंसराज गुर्जर निवासी तालड़ा, मुक्ति देवी (40) पत्नी भरतलाल मीणा निवासी डूंगरी, रामसुखी देवी (42) पत्नी कालूराम गुर्जर निवासी तालड़ा, विक्रम (18) पुत्र रामफूल गुर्जर निवासी तालड़ा, लखन प्रजापत (25) पुत्र रामप्रसाद निवासी तालड़ा, रमेश (60) पुत्र गोट्या निवासी डूंगरी और चतरू (25) पुत्र रामफूल बैरवा निवासी तालड़ा घायल हो गए। चढ़ाई पर गेयर लगाते वक्त ब्रेक हुए फेल बताया जा रहा है कि मजदूर रोजाना की तरह जंगल क्षेत्र में पौधों की निराई-गुड़ाई का काम पूरा कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एक चढ़ाई पर ट्रैक्टर चालक रामफूल गुर्जर ने ट्रैक्टर में गियर लगाया। इसी दौरान ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें सवार श्रमिक घायल हो गए।