चूरू जिले की रतनगढ़ पुलिस और इलेक्शन टास्क फोर्स टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने एक बाइक सवार युवक को नशीले पदार्थ एमडी की सप्लाई करते हुए गिरफ्तार किया है। युवक के पास से 36 थैलियों में 32.24 ग्राम एमडी और 46 हजार 250 रुपए जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई नाकाबंदी के दौरान एनएच 11 पर बीरमसर चौकी के सामने की गई। फतेहपुर की ओर से आ रहे बाइक सवार युवक को रोका गया। पूछताछ में वह संदिग्ध लगा, जिसके बाद उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में युवक के पास से 36 जीपर थैलियों में एमडी मिली। पुलिस ने बीरमसर निवासी गजेंद्र सिंह उर्फ कालू राजपूत (27) को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी बाइक, एमडी और उसके पास से मिले 46 हजार 250 रुपए भी जब्त कर लिए हैं। रतनगढ़ थाना प्रभारी संदीप कुमार बिश्नोई ने बताया कि एसपी के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ 'ऑपरेशन नकेल' चलाया जा रहा है। साथ ही, निकाय चुनाव को देखते हुए इलेक्शन टास्क फोर्स का गठन किया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर रही है कि वह एमडी कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई करने वाला था। पुलिस इस तस्करी से जुड़े पूरे गैंग तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में रतनगढ़ थाना प्रभारी संदीप कुमार बिश्नोई, एसआई गिरधारीलाल, हेड कॉन्स्टेबल नरेश कुमार तेतरवाल, हेड कॉन्स्टेबल प्यारेलाल, कॉन्स्टेबल विक्रम और पवन कुमार शामिल थे। इलेक्शन टास्क फोर्स टीम से प्रभारी गोविंदराम बिश्नोई, एएसआई दशरथ सिंह, कॉन्स्टेबल संदीप कुमार, मुकेश कुमार, विनोद कुमार और रणजीत भी इस टीम का हिस्सा थे।