ढहरिया| क्षेत्र के मंदिरों में गुरुवार को बलदेव छट्ठ का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। श्रद्धालुओं की मंदिरों में दर्शनों के लिए भीड़ रही। मंदिरों में आकृर्षक झांकी सजाई। क्षेत्र के पचमेड़ी धाम व तिमावा श्री गोपाल गुफा धाम, गुढाचन्द्रजी के सीताराम जी मंदिर पर गुरुवार को बलदेव छट्ठ पर ठाकुरजी का श्रृंगार कर झांकी सजाई। इसके बाद संत व पुजारियों ने श्री दाऊजी महाराज की पूजा अर्चना की गई। भगवान के माखन मिश्री का भोग लगाया। बलदेव छट्ठ पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की दिनभर भीड़ रही। मंदिरों में जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए। इधर गुढाचन्द्रजी श्री दाऊजी के जन्मोत्सव को लेकर छठ पर सुबह मंगला आरती से श्रद्धालुओं का आना शुरु हो गया। मंगला आरती में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही। गुढाचन्द्रजी सहित सताईसा क्षेत्र के गांवों के श्रद्धालु कनकदण्वत देते व श्री दाऊजी महाराज के जयकारे लगाते हुए मंदिर दर्शनों के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं की दर्शनों के लिए दिनभर भीड़ लगी रही। जिससे मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। वहीं कस्बे का महौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने माखन मिश्री व घर बनाए देशी के पकवान खीर-पुए का श्री दाऊजी महाराज के भोग लगाया। श्रद्धालुओं ने श्री दाऊजी के दरबार में ढ़ोक लगाकर परिवार की सुख- समृद्धि की मन्नत मांगी। क्षेत्र के मांचड़ी, आमलीपुरा, रघुनाथपुरा, रावताडा, लाहपुरा, मालूपाडा, आंधियाखेडा, मालूपाडा, घाटोली, तिमावा, धौलेटा, भांवरा, गोठडा, रिंगसपुरा, ढहरिया, बालाखेडा, गिदानी, राजाहेडा, मुहाना, गुणा,राजपुर, बाडा, जाहरा आदि गांवों के श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचे।