मेड़ता के पास रेण कस्बे में मधुमक्खियों ने खेत में काम कर रहे किसानों और मजदूरों पर हमला कर दिया। सात लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से गंभीर घायल पांच जनों को उप जिला अस्पताल मेड़ता रेफर किया गया, जबकि दो घायलों का रेण सीएससी में इलाज किया गया। दरअसल फसल कटाई के दौरान चाय बनाने के लिए जल रही लकड़ियों से उठे धुएं के कारण खेजड़ी पर लगा मधुमक्खियों का छत्ता आक्रामक हो गया था और मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। खेत में काम कर रहे थे मजदूर रेण निवासी खुर्शीद मोहम्मद के खेत में फसल कटाई का काम चल रहा था। शाम 5 बजे बाद खेत में काम कर रहे श्रमिकों के लिए लकड़ियां जलाकर चाय बनाई जा रही थी। इसी दौरान उठे धुएं से खेजड़ी पर बने मधुमक्खियों के छत्ते में हलचल हुई और मधुमक्खियों ने अचानक खेत में मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से खेत में अफरा-तफरी मच गई। मधुमक्खियां के हमले में यह हुए घायल हमले में मनीषा (17) पुत्री कमलेश, गणपत (50) पुत्र मीसाराम, शांति (13) पुत्री कमलेश, मुन्ना (14) पुत्र चांद मोहम्मद और कमलेश (50) पुत्र गुलाब घायल हुए। इन्हें रेण सीएचसी लाया गया, जहां बीसीएमओ डॉ. महेंद्र विश्नोई, नर्सिंग ऑफिसर रामकिशोर मेघवाल सहित मेडिकल टीम ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर पांचों को मेड़ता उप जिला अस्पताल रेफर किया गया। 108 एंबुलेंस चालक श्रवणराम विश्नोई और ईएमटी शिवदयाल घायलों को लेकर मेड़ता एसडीएच पहुंचे। वहीं नैना देवी पुत्री हुकमाराम और यशोदा पत्नी बल्लूराम भी मधुमक्खियों के हमले में घायल हुईं। दोनों का रेण सीएचसी में उपचार जारी है।