उत्तर-पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा शनिवार को स्पेशल ट्रेन से चूरू पहुंचे। निर्धारित कार्यक्रम से करीब 2 घंटे लेट पहुंचे। उन्होंने अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन पर हुए विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों से जानकारी ली। चूरू पहुंचने पर स्टेशन मास्टर सुरेश कुमार माथुर ने जीएम का स्वागत किया। इसके बाद जीएम शर्मा ने स्टेशन के नक्शे, वीआईपी रूम, वेटिंग रूम सहित पूरे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति देखी तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जीएम शर्मा ने कहा कि चूरू रेलवे स्टेशन का काम लगभग पूरा हो चुका है। कुछ काम अभी बाकी है, जिसे जल्द ही पूरा किया जाएगा। स्टेशन के प्लेटफॉर्म दो व तीन पर शैड नहीं है। इस कारण यात्रियों को परेशानी होती है। प्लेटफॉर्म एक का शैड भी छोटा है। इसे लेकर जीएम ने कहा कि प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर जल्द ही टीनशैड लगाए जाएंगे। इसके अलावा स्टेशन के प्लेटफॉर्म दो-तीन और चार पर शौचालय की व्यवस्था को लेकर भी आश्वासन दिया। इस दौरान डीआरएम गौरव गोविल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेंद्र जोशी आदि मौजूद रहे। जयपुर सहित अन्य रूट पर ट्रेन चलाने पर विचार करेंगे : चूरू से जयपुर, झांसी आदि रूटों पर ट्रेन चलाने को लेकर जीएम ने कहा कि इस बारे में डीआरएम को अवगत कराया है और इस पर विचार करेंगे। स्टेशन पर स्वचालित सीढ़ियों की मांग पर कहा कि प्लेटफॉर्म की लंबाई और चौड़ाई भी महत्वपूर्ण फैक्टर रखती हैं। इन्हीं को ध्यान में रखते हुए इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।