भास्कर न्यूज | झालावाड़ श्री धाकड़ छात्रावास एवं श्री धरणीधर भगवान मंदिर संचालन समिति की ओर से बुधवार को मंदिर परिसर में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें राजकीय सेवाओं में चयनित पांच कार्मिकों, नगर निकाय चुनाव में विजयी दो पार्षदों और सेवानिवृत्त शिक्षक का सम्मान किया गया। समिति के जिला प्रवक्ता रामनिवास नागर ने बताया कि झालावाड़ नगर परिषद के वार्ड 11 से विजयी पार्षद दीपांकर नागर और झालरापाटन नगरपालिका के वार्ड 14 से विजयी पार्षद धनराज नागर का अभिनंदन किया गया। वहीं रेवा सिंचाई परियोजना में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर नियुक्त महावीर नागर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मंडावर की निशा नागर, आयुर्वेदिक चिकित्सालय पनवासा की सीमा नागर, राजकीय विधि महाविद्यालय झालावाड़ के मुकेश नागर तथा सेवानिवृत्त शिक्षक जगदीश नागर मुंडला का भी सम्मान किया गया। सभी का तिलक लगाकर, माला पहनाकर, श्रीफल और दुपट्टा भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में भामाशाह जोधराज नागर सूमर, समिति अध्यक्ष लालचंद नागर, डॉ. मुकेश नागर और प्रेमप्रकाश नागर ने छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए बैठकर पढ़ाई करने के लिए 14 टेबल-चेयर बनवाकर देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन लोकेंद्र नागर ने किया। इस दौरान श्री धाकड़ महासभा जिलाध्यक्ष रामकिशन नागर, राष्ट्रीय प्रवक्ता शिव धाकड़, पूर्व जिलाध्यक्ष धाकड़ युवा संघ गिरिराज नागर सहित समाज के पदाधिकारी, महिलाएं, बच्चे और छात्रावास के विद्यार्थी मौजूद रहे।