रींगस के लाखनी गांव स्थित माणा बाबा धाम पर आयोजित दो दिवसीय वार्षिक मेला शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। गांव के जोहड़ में स्थित माणा धाम पर मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने माणा बाबा के दरबार में धोक लगाई और अपनी मनोकामनाएं पूरी होने की प्रार्थना की। दो दिनों तक माणा बाबा धाम परिसर में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा। शुक्रवार रात प्रसिद्ध भजन गायकों ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में डूबे रहे। पुलिस ने संभाली सुरक्षा और यातायात व्यवस्था मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की ओर से विशेष व्यवस्था की गई। पुलिस थाना प्रभारी राजेंद्र कमांडो के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। थानाधिकारी कमांडो ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। मेले के दौरान तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ चोरी की घटनाओं की रोकथाम को लेकर भी जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। पुलिस की निगरानी के चलते मेला शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। सेवा समिति ने श्रद्धालुओं के लिए की व्यवस्थाएं श्री माणा धाम सेवा समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन व्यवस्था, छाया, पीने के पानी और रोशनी का इंतजाम किया गया। मेले में भंडारे का भी आयोजन हुआ, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। ग्राम पंचायत और ग्रामीणों ने किया सहयोग मेले के सफल आयोजन में ग्राम पंचायत लाखनी के प्रशासक महेश कुमार बाजिया, श्री माणा धाम सेवा समिति के पदाधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने सहयोग किया। आयोजन के दौरान समिति के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने व्यवस्थाओं को संभालने में भूमिका निभाई।