राजसमंद | नगर परिषद क्षेत्र में घनी आबादी के बीच से गुजरने वाली तालेड़ी नदी इन दिनों बदहाली का शिकार है। कभी स्वच्छ जलधारा के रूप में पहचान रखने वाली नदी अब कचरे, गंदे पानी और झाड़ियों से घिरकर गंदे नाले में तब्दील हो गई है। नदी के बहाव क्षेत्र में जलीय पौधे (पतवार) और झाड़ियां इतनी बढ़ गई हैं कि पानी का प्राकृतिक प्रवाह बाधित हो रहा है। आसपास के क्षेत्रों का गंदा पानी और कचरा भी लगातार नदी में पहुंच रहा है। पानी के ठहराव से दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे आसपास रहने वाली आबादी में संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। किनारों पर पड़ा मलबा और पत्थर नदी की बदहाल स्थिति बयां कर रहे हैं।