माउंट आबू के ग्लोबल हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर की ओर से रोहिड़ा के दरबार मिडिल स्कूल में नि:शुल्क हड्डी एवं पेट रोग परामर्श शिविर लगाया गया। शिविर में आसपास के इलाकों से पहुंचे 197 मरीजों ने विशेषज्ञ डॉक्टरों से जांच और परामर्श लिया। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. कैलाश कडेल और जनरल सर्जन डॉ. कुमारसेन नाडकर्णी ने मरीजों की जांच कर उनकी बीमारियों के अनुसार जरूरी सलाह दी। घुटने और हड्डियों से जुड़ी समस्याओं की जांच हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. कैलाश कडेल ने शिविर में घुटने और कूल्हे के दर्द, फ्रैक्चर तथा हड्डियों की विकृति से संबंधित मरीजों की जांच की। उन्होंने मरीजों को उनकी समस्या के अनुसार उपचार और सावधानियों के बारे में जानकारी दी। पेट की बीमारियों से जुड़े मरीज भी पहुंचे जनरल सर्जन डॉ. कुमारसेन नाडकर्णी ने पेट से संबंधित विभिन्न समस्याओं की जांच की। शिविर में पथरी, हर्निया, बवासीर सहित पेट की अन्य बीमारियों से परेशान मरीजों ने परामर्श लिया। विशेषज्ञ इलाज को गांवों तक पहुंचाना उद्देश्य ग्लोबल अस्पताल से आए जे.पी. सिंह ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श पहुंचाने के साथ हड्डी संबंधी रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में आयुष्मान आरोग्य योजना सहित अन्य कैशलेस योजनाओं के तहत इलाज की सुविधा भी उपलब्ध है। सहयोग से सफल हुआ शिविर शिविर को सफल बनाने में डॉ. अशोक दवे, डॉ. ललित कुमार, डॉ. श्रवण पुरोहित, स्कूल टीचर अर्जुन सिंह, समाजसेवी रमेश कुमार, संदेश कुमार, सुरेश कुमार, हंसाराम राणा, ज्योति और गुजरी गरासिया ने सहयोग किया।