त्योहारी सीजन में यात्रीभार को देखते हुए रेलवे की ओर से एकतरफा आरक्षित स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। साबरमती से दिल्ली के बीच एक ट्रिप के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इससे त्योहारों के दौरान यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04251 साबरमती-दिल्ली आरक्षित स्पेशल ट्रेन 10 अक्टूबर को साबरमती से रात 10:55 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन 11 अक्टूबर को शाम 5:25 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी। इन स्टेशनों पर होगा ठहराव स्पेशल ट्रेन मेहसाणा, पालनपुर, आबू रोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, जयपुर, बांदीकुई, अलवर जंक्शन, रेवाड़ी, गुड़गांव और दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इससे जयपुर और बांदीकुई सहित मार्ग के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। 19 डिब्बों के साथ चलेगी ट्रेन इस स्पेशल ट्रेन में कुल 19 डिब्बे होंगे। इनमें 9 थर्ड एसी, 3 थर्ड एसी इकोनॉमी, 1 सेकंड एसी, 2 द्वितीय शयनयान, 2 साधारण श्रेणी और 2 पावरकार शामिल हैं। रेलवे की इस व्यवस्था से त्यौहारी सीजन में अतिरिक्त यात्रीभार को सुविधा मिलेगी।