सलूंबर नगर परिषद चुनाव में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने पर भाजपा के पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष डॉ.लव व्यास को निष्काषित कर दिया गया है। पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में डॉ. व्यास को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। कार्रवाई का आदेश भाजपा जिला संगठन प्रभारी मुकेश रावत की ओर से जारी किया गया है। अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ भरा था निर्दलीय फार्म भाजपा संगठन की ओर से जारी पत्र के अनुसार, नगर परिषद चुनाव-2026 में डॉ. लव व्यास ने पार्टी के अधिकृत उप सभापति प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया था। संगठन ने इसे पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ना और अनुशासन का उल्लंघन माना। सभापति चुनाव में कांग्रेस के समर्थन का भी आरोप जारी आदेश में आरोप लगाया गया है कि सभापति चुनाव के दौरान डॉ. लव व्यास ने भाजपा संगठन के निर्देशों के विपरीत जाकर कांग्रेस को समर्थन में कार्य किया। पार्टी ने इसे चुनाव के दौरान संगठनात्मक निर्देशों की अवहेलना और पार्टी विरोधी गतिविधि माना। कोर कमेटियों से चर्चा के बाद लिया निर्णय भाजपा के आदेश में कहा गया है कि मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार भाजपा संभाग कोर कमेटी और जिला कोर कमेटी से चर्चा की गई। इसके बाद संगठन ने डॉ. लव व्यास को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित करने का निर्णय लिया।