सलूम्बर शहर के पटेल वाड़ा मोहल्ले में 22 लाख के नोटों से भगवान गणेश का श्रंगार किया गया। वर्तमान में शहर में 10 दिवसीय गणेशोत्सव जारी है। सोमवार रात सत्यनारायण मंदिर के पीछे सिद्धिविनायक ग्रुप के पांडाल में युवाओं ने भगवान गणेश का नोटों से श्रंगार किया। युवाओं ने असली नोटों से कलात्मक डिजाइन तैयार कर भगवान श्री गणेश का 22 लाख 22 हजार 222 रुपए का विशेष नोटो का श्रृंगार किया। 1 लाख 11 हजार रुपए की माला पंडाल में प्रवेश करते ही सबसे बड़ा आकर्षण भगवान श्री गणेश के गले में भव्य हार रहा। इस विशेष माला को तैयार करने में ही 11 लाख 11 हजार 111 रुपए के नोटों का उपयोग किया गया था। सिद्धिविनायक ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि साल 2012 में पहली बार यहां बप्पा की प्रतिमा स्थापित की गई थी।इस बार ग्रुप के 14 साल पूरे होने के पावन अवसर पर कुछ अलग और भव्य करने का संकल्प लिया गया था। इस श्रृंगार को अंतिम रूप देने के लिए पूरी टीम ने लगातार 2 दिनों तक बिना रुके कड़ी मेहनत की। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सलूम्बर शहर में लाखों रुपए के नोटों से बना ऐसा भव्य और दिव्य श्रृंगार इससे पहले कभी देखने को नहीं मिला। आरती के समय भक्तिमय भजनों की धुन पर पंडाल में मौजूद महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग बप्पा की भक्ति में लीन नजर आए।